कैलिफोर्निया में एक सड़क हादसे के बाद कोमा में पड़ी भारतीय छात्रा नीलम शिंदे के परिवार को आखिरकार अमेरिकी वीजा मिल गया है। कई दिनों की अपीलों के बाद, शुक्रवार सुबह अमेरिका ने आपातकालीन वीजा जारी किया। 35 वर्षीय नीलम शिंदे 14 फरवरी को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से कोमा में हैं। महाराष्ट्र के सतारा में रहने वाला उनका परिवार तभी से वीजा पाने की कोशिश कर रहा था।
अब उनके पिता, चाचा और चचेरे भाई जल्द ही अमेरिका के लिए रवाना होंगे।
“वीजा प्रक्रिया बहुत सुगम रही। हमें वीजा की प्रिंटेड कॉपी भी मिल गई है। अब हम जल्द से जल्द अमेरिका के लिए उड़ान भरेंगे। हम मीडिया, एकनाथ शिंदे और सुप्रिया सुले के आभारी हैं,” नीलम के चचेरे भाई गौरव ने NDTV को बताया।
परिवार अमेरिका जाने के लिए 5 से 6 लाख रुपये का कर्ज भी ले रहा है। “अगर सरकार हमें वित्तीय सहायता दे तो बहुत अच्छा होगा। हमें अभी तक अस्पताल के बिल की जानकारी नहीं है,” उन्होंने कहा।
नीलम शिंदे कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में पोस्ट-ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रही थीं। 14 फरवरी को एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उनके दोनों हाथों और पैरों में फ्रैक्चर हो गए और उन्हें आपातकालीन ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। तब से वह कोमा में हैं।
वीजा प्रक्रिया में आई दिक्कतें
परिवार को इस दुर्घटना की जानकारी दो दिन बाद मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अमेरिका जाने के लिए वीजा के लिए आवेदन किया। लेकिन उन्हें जो इंटरव्यू स्लॉट मिला था, वह अगले साल का था। इसके बाद परिवार ने मीडिया और नेताओं से अपील की। जब इस मामले को एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने उठाया, तब विदेश मंत्रालय (MEA) ने हस्तक्षेप किया और अमेरिकी वीजा इंटरव्यू की प्रक्रिया तेज कराई।
“जब हम पहली बार यहां आए तो किसी ने हमारी बात नहीं सुनी। हमें तो यह तक कहा गया कि अगर हम ज्यादा देर तक रुके तो पुलिस हमें वहां से हटा देगी। तब हम वापस घर लौट गए… हमें लगा कि हम नीलम को नहीं देख पाएंगे। लेकिन नीलम की दोस्त ने हमारी बहुत मदद की। कई दिनों तक हम इंटरव्यू स्लॉट के लिए कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हम मीडिया और सरकार के आभारी हैं, जिनकी वजह से प्रक्रिया सुगम हो गई,” नीलम के चचेरे भाई ने कहा।
उन्होंने केंद्र सरकार से वीजा प्रक्रिया में बदलाव करने की अपील भी की। “कोई और परिवार वह न झेले जो हमने सहा। ऐसे आपातकालीन मामलों के लिए वीजा प्रक्रिया को बदलना चाहिए,” उन्होंने कहा।
अब भी गंभीर स्थिति में, लेकिन उम्मीद बरकरार
परिवार के मुताबिक, नीलम शिंदे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, लेकिन कुछ सुधार के संकेत मिले हैं।
“उनकी तबीयत में कुछ सुधार हो रहा है। दुर्घटना के कारण उनका ब्लड प्रेशर बहुत बढ़ गया था, लेकिन अब वह सामान्य हो रहा है। हालांकि वह अब भी कोमा में हैं और स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह लड़ रही हैं,” उनके भाई ने बताया।
आरोपी गिरफ्तार
नीलम को टक्कर मारने के बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया था, लेकिन पांच दिन बाद 19 फरवरी को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सैक्रामेंटो पुलिस विभाग ने NDTV को बताया कि 58 वर्षीय लॉरेंस गैलो नाम के व्यक्ति को “हिट एंड रन” मामले में पकड़ा गया है।
यह हादसा सैक्रामेंटो के फेयर ओक्स ब्लावर्ड और कैडिलैक ड्राइव पर 14 फरवरी को शाम करीब 7 बजे हुआ था। जब पुलिस वहां पहुंची, तो उन्होंने नीलम को सड़क पर पड़ा पाया।
“जांच अधिकारियों को घटनास्थल पर एक महिला घायल अवस्था में मिली। दुर्घटना में शामिल वाहन पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग चुका था। सैक्रामेंटो फायर डिपार्टमेंट की टीम ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है,” पुलिस ने बताया।