भारतीय जनता पार्टी ने रांची में होने वाले कांग्रेस के संविधान बचाओ रैली पर तंज कसा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार में अब तक कई बार संविधान की धज्जियां उड़ाई है और आज वही पार्टी और परिवार संविधान बचाने के नाम पर ढोंग कर रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर का कई बार अपमान किया है। कांग्रेस की सरकार ने आपातकाल लागू करके संविधान को ताक पर रख दिया था। आज झारखंड में उनके सहयोगी दल के मंत्री कहते हैं कि उनके लिए संविधान से ऊपर शरीयत है। नियमों की अनदेखी करते हुए झारखंड में 4 दिनों से डीजीपी का पद खाली है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई बार ऐसे मौके आए हैं जब कांग्रेस ने संविधान का पालन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि रांची में होने वाले संविधान बचाओ रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि किस तरह से कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार ने अब तक संविधान का गला घोटने का काम किया है।


